नक्सलियों से मिली हुई थी केंद्र सरकार, कर रही थी उनकी मदद, न तो फोर्स भेजा, न आर्थिक मदद दी : पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर

छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कहा कि, जब मैं छत्तीसगढ़ का गृहमंत्री था, तब नक्सलियों का खात्मा हो जाता। लेकिन केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की। केंद्र सरकार ही नक्सलियों से मिली हुई थी। उनकी मदद कर रही थी। उस समय केंद्र में जो सरकार थी, उसने न तो फोर्स भेजा, न आर्थिक मदद दी। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उस समय केंद्र सरकार नक्सलियों से मिली हुई थी।
प्रदेश में हर जगह है भ्रष्टाचार हावी
बिलासपुर में मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार का कामकाज ठीक है। लेकिन, छत्तीसगढ़ की सरकार फेल है। ननकीराम कंवर ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह से फेल है। भाजपा के कार्यकर्ता इसलिए नाखुश हैं। क्योंकि, बिना पैसे कोई काम नहीं हो रहा है। हर जगह पर भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि कहीं भी बिना पैसे का काम नहीं हो रहा है।
डॉ. रमन सिंह ने पार्टी के अंदर मेरे खिलाफ रची साजिश
सीनियर भाजपा नेता कंवर ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, डॉ. रमन सिंह ने पार्टी के अंदर मेरे खिलाफ साजिश रची। पार्टी के लोगों को हराने का काम किया है। मुझे तीन बार हराने की कोशिश की गई। जिसके बाद मुझे चुनाव में हराने के लिए काम किया। मैं कहीं भी रहूं, जनता और कार्यकर्ताओं का काम करता रहूंगा।