छत्तीसगढ़ से कमलचंद्र भंजदेव भेजे जा सकते हैं राज्यसभा

छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, बस्तर रियासत के राजा कमलचंद्र भंजदेव का नाम भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संगठन ने राज्यसभा के लिए दिल्ली भेजा है। हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान राजा भंजदेव और उनके परिवार से मुलाकात की थी।
कौन हैं कमलचंद्र भंजदेव?
कमलचंद्र भंजदेव बस्तर रियासत के राजा हैं और काकतीय राजवंश से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएट किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे 2010 में छत्तीसगढ़ लौट आए और अपने पूर्वजों की रियासत की जिम्मेदारी संभाली।
कोहिनूर हीरा का कनेक्शन
ऐतिहासिक तौर पर कोहिनूर हीरा काकतीय राज परिवार की संपत्ति था। बाद में ये हीरा चोरी हो गया, फिर मुगलों के पास पहुंचा और अंत में ब्रिटिश सत्ता को सौंप दिया गया।
बस्तर राजघराने में 107 साल बाद बज उठी शहनाई
राजा कमलचंद्र भंजदेव की शादी इसी साल फरवरी में हुई। बस्तर राजघराने में 107 साल बाद शहनाई बज उठी थी। उनकी शाही बारात ऐतिहासिक भव्यता के साथ निकली थी। उनका विवाह सतना, मध्य प्रदेश के नागौद रियासत के शिवेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री भुवनेश्वरी कुमारी से संपन्न हुआ।
राज्यसभा के लिए नाम भेजे जाने की भनक ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है, हालांकि अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा की जा रही है।






