छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में अचानक बदला मौसम, तेज बारिश -तूफान के साथ ओले गिरे

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में रविवार की शाम लगभग 3:45 बजे से 4:30 बजे के बीच जमकर तेज आंधी के साथ तेज बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। तेज आंधी के कारण जिले में जगह-जगह पेड़ गिर गए। इनमें से बहुत से पेड़ पेण्ड्रा से गौरेला मुख्य मार्ग और पेण्ड्रा से मरवाही मुख्य मार्ग में भी गिरे, जिससे कई घंटे तक जाम लग गया। आंधी से बड़ी संख्या में पेड़ों के बिजली तार में गिरने और बिजली के खंभे भी गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प हो गई। जिले में सैकड़ों जगहों से खम्भे गिरने और तार में पेड़ गिरने की शिकायत सामने आई है। तेज आंधी के कारण डाइट कालोनी पेण्ड्रा, ब्लॉक ऑफिस के पास, अमरपुर रोड में और मंडी के पास बिजली का खम्भा गिर गया।

इसी तरह अमरपुर रोड में, सरकारी पारा स्कूल के पास, शीतला मंदिर के पास इत्यादि स्थानों के साथ ही सैकड़ों जगहों पर तार टूटकर गिर गया। जिसके सुधार का काम विद्युत विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। आंधी में बहुत से लोगों के टीन सेट के छप्पर भी उड़ गए, तो बहुत से लोगों के खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। होर्डिंग्स में लगे हुए बैनर भी तेज हवा में फट गए। तेज आंधी से जिले में बहुत बड़े पैमाने पर आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है, क्योंकि तेज हवा से आम पेड़ से नीचे जमीन पर गिर गए। प्रशासन आंधी और बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने में जुट गया है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button