छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ से ठंड हुई गायब, अब सताऐगा गर्मी, बढ़ेगा पारा

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से लगातार दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। जनवरी के आखिरी हफ्ते में ही ठंड पूरी तरह से गायब हो गई। फरवरी लगते ही गर्मी सताने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी।

बिलासपुर रहा सबसे ज्यादा गर्म
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिन और रात तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश में 36 डिग्री के साथ बिलासपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 10.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
बिलासपुर में शनिवार की सुबह से ही तपने वाली गर्मी का एहसास होने लगा। दिन का तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का पारा भी 19.2 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 4 डिग्री अधिक ही है।

सरगुजा संभाग में भी बढ़ने लगी गर्मी
छत्तीसगढ़ में उत्तर से आने वाली हवाओं का आना लगभग बंद हो गया है। इस वजह से ठंड कम हो गई है। सरगुजा संभाग के जिलों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक है। अंबिकापुर में शनिवार को अधिकतम 30.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। रात का तापमान 12.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।

कोरिया में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। वहीं रात का पारा 13.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सूरजपुर में 29.3 डिग्री और बलरामपुर में 31.3 डिग्री दिन का पारा रहा। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दिन का तापमान 31 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button