छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

बीजेपी नेता कारोबारी चतुर्भुज राठी के घर पर आईटी ने छापेमारी ,दुर्ग स्थित घर और ऑफिस में टीम खंगाल रही है दस्तावेज

दुर्ग जिले के बड़े बिल्डर जो विधानसभा चुनाव के पहले बीजेपी में शामिल हुए चतुर्भुज राठी के घर पर आईटी ने रेड मारी है। शनिवार को आईटी टीम ने दुर्ग जिले के पुलगांव रोड पर महेश कॉलोनी स्थित उनके दफ्तर छापेमारी की है। जहां वे दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। वहीं दफ्तर के बाहर भारी मात्रा में पुलिस के जवान मौजूद है।

इनकम टैक्स चोरी को लेकेर छापेमारी
बीजेपी नेता चतुर्भुज राठी के जिस कार्यालय में आईटी के अधिकारियों ने दबिश दी है। वहां अमर इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, AIL-DRA और TAR CARPET Pvt Ltd का कार्यालय संचालित हो रहा है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो इन 3 अलग-अलग कंपनियों के जरिए राठी ने इनकम टैक्स की चोरी की है। लेकिन कितनी चोरी की है, इसका आकड़ा अभी तक सामने नहीं आया है। छापेमारी के दौरान आईटी अधिकारियों ने पूरे कार्यालय को सील कर दिया है और कार्रवाई कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि, शाम तक कुछ स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

चुनाव के पहले किया था BJP में प्रवेश
चतुर्भुज राठी दुर्ग जिले के बड़े व्यापारी हैं, हाल ही में विधानसभा चुनाव 2024 से कुछ महीने पहले उन्होंने भाजपा में प्रवेश किया था। उन्होंने दुर्ग शहर से विधानसभा की जोरों से दावेदारी की थी और अपने धन-बल के जरिए पूरे शहर में अपनी दावेदारी के बैनर पोस्टर भी छपवा कर लगवाए थे। उनकी इस दावेदारी के बाद भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों में विरोध भी शुरू हो गया था। हालांकि बाद में चतुर्भुज राठी को विधानसभा का टिकट ना देकर बीजेपी ने गजेंद्र यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था।

भिलाई के छावनी में भी छापे की चर्चा
बीजेपी नेता चतुर्भुज राठी के अलावा भिलाई के छावनी क्षेत्र में भी किसी और बड़े व्यापारी के यहां आईटी की रेड पड़ी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये रेड किसके यहां पड़ी है। इसको लेकर छावनी पुलिस ने अभी इसे लेकर जानकारी देने से मना कर दिया है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button