NHM कर्मचारियों की हड़ताल को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का मिला सर्मथन

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। उनकी मांगों को बल देने आज जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना बिलासपुर ने समर्थन देने का ऐलान किया है। दोनों संगठनों के पदाधिकारी आज दोपहर लगभग 12:30 बजे बिलासपुर के कोन्हेर गार्डन स्थित धरना स्थल पहुँचकर हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात कर धरना प्रदर्शन में शामिल हुवे।
नियमितीकरण की मांग जायज – जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी
NHM कर्मचारी विगत कई दिनों से सरकार से नियमितीकरण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थायी सुविधा नहीं मिली है।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला संयोजक अनिल कुमार पाली ने कहा कि राज्य सरकार को जल्द से जल्द NHM कर्मचारियों को नियमित करना चाहिए। उन्होंने कहा— “सरकार यदि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती, तो यह आंदोलन और व्यापक होगा। संगठन हर कदम पर कर्मचारियों के साथ खड़ा है।”
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला युवा अध्यक्ष मनोज कौशिक ने कहा कि NHM कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह से जायज हैं। उन्होंने कहा— “कर्मचारियों ने प्रदेश की जनता की सेवा करने में वर्षों मेहनत की है। अब सरकार का दायित्व है कि उनकी सेवाओं का सम्मान करते हुए उन्हें नियमित किया जाए। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना उनके संघर्ष में हर स्तर पर साथ देगी।”
धरना स्थल पर पहुँचने वाले दोनों संगठनों के पदाधिकारी मुकेश यादव, विशाल कौशिक,पुनिराम सूर्यवंशी, पीयूष यादव, लक्षमण कौशिक ने संयुक्त रूप से कहा कि NHM कर्मचारियों की लड़ाई सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की है, क्योंकि उनका काम सीधे जनता की स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा हुआ है। अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने NHM संविदा कर्मचारियों को नियमित करो का नारा लगाया।