SIR मैपिंग में बड़ी गलती: बिलासपुर के कांग्रेस नेता का नाम भिलाई वोटर लिस्ट में, कार्यकर्ताओं में नाराजगी

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची की एसआईआर मैपिंग के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। बिलासपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी का नाम उनके गृह जिले के बजाय भिलाई की वोटर लिस्ट में दर्ज कर दिया गया, जिसके कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट में विजय केशरवानी का नाम बिलासपुर जिले की मतदाता सूची में दर्ज था। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान डाटा अपडेट करते समय उनकी एंट्री भिलाई में मैप हो गई, जिससे अब तक उनका नाम बिलासपुर की नई वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है।
बिलासपुर निवासी विजय केशरवानी पूर्व पार्षद और मेयर इन काउंसिल सदस्य भी रह चुके हैं, इसके बावजूद वर्तमान सूची में उनका नाम जिले से बाहर दिखाया जा रहा है। कांग्रेस ने इस गलत मैपिंग को गंभीर चूक बताते हुए सवाल उठाए हैं और निर्वाचन व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।





