CG News: विदेश में क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने के नाम पर युवक से 15 लाख की ठगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

CG News: उत्तरप्रदेश के हरदोई निवासी एक युवक से विदेश में क्रिकेट टूर्नामेंट खिलाने का झांसा देकर 15 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि यह ठगी करीब पांच साल पहले की गई थी, जबकि पीड़ित ने एक साल पहले अंबिकापुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी.
जानकारी के अनुसार, हरदोई का रहने वाला अजय कुमार वर्मा 14 मार्च 2021 को नेपाल में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने गया था. वहीं उसकी मुलाकात अंबिकापुर निवासी मृगांक कुमार सिन्हा से हुई. मृगांक ने खुद को क्रिकेट संघ से जुड़ा बताते हुए अजय को देश-विदेश के टूर्नामेंट में खेलने का भरोसा दिलाया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया.
विदेश दौरे का दिया झांसा
नेपाल से लौटने के करीब दस दिन बाद मृगांक ने अजय से संपर्क कर रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पहले 1480 रुपये जमा कराए. इसके बाद रजिस्ट्रेशन और पासपोर्ट प्रक्रिया के बहाने 4460 और 1500 रुपये और ले लिए. इसके बाद उसने अजय को टीम में चयन और विदेशी दौरे का झांसा देते हुए नकली दस्तावेज भेजने शुरू कर दिए और अलग-अलग डिजिटल माध्यमों से लगातार पैसे मंगाता रहा. मृगांक ने उसे भरोसा दिलाया कि विदेश दौरे के बाद पूरी रकम लौटा दी जाएगी.
15 लाख 38 हजार की ठगी
11 जून 2021 को उसने अजय को छत्तीसगढ़ बुलाकर उससे और पैसे जमा कराए. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न कोई दौरा हुआ और न ही मैच, तब अजय को ठगी का एहसास हुआ. तब तक वह आरोपी को कुल 15 लाख 38 हजार रुपये दे चुका था. इसके बाद उसने सरगुजा एसपी से शिकायत की. पुलिस ने एक साल पहले इस मामले में धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज किया था.
आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया जुर्म
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस क्रिकेट संस्था से जुड़ा होने का दावा मृगांक कर रहा था, उसे किसी तरह की मान्यता ही नहीं थी. एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह फरार था. पुलिस ने आखिरकार आरोपी मृगांक सिन्हा (40) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने खुद फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी करने की बात स्वीकार की है. कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा के मुताबिक, आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.





