रायपुर तहसील कार्यालय के सामने मल्टीलेवल पार्किंग से व्यापारी के 38 लाख पार

रायपुर। राजधानी के पॉश इलाके सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शातिर बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) के एक अधिकारी की कार का ताला तोड़कर बदमाशों ने 38 लाख रुपये की नकदी पार कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा है।
जमीन की रजिस्ट्री के लिए रखे थे पैसे
FCI अधिकारी ज्ञान प्रकाश पांडेय एक जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में तहसील कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारी ने अपनी कार तहसील कार्यालय के सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की दूसरी मंजिल (सेकंड फ्लोर) पर खड़ी की थी।पैसे कार में ही छोड़कर वे संबंधित पक्ष का इंतजार करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर चले गए।जब रजिस्ट्री कराने वाला पक्ष पहुंचा और अधिकारी पैसे लेने कार के पास लौटे, तो वहां रखे 38 लाख रुपये गायब थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
शिकायत मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान निम्नलिखित तथ्य सामने आए हैं,सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपी अधिकारी की पहले से रेकी कर रहे थे। वे कलेक्ट्रेट तक उनका पीछा करते हुए आए थे।फुटेज में कुछ युवकों की हरकतें संदिग्ध पाई गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने तफ्तीश तेज की।
पुलिस की विशेष टीम ने अब तक 4 संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।अधिकारियों का कहना है: “मामले की गुत्थी लगभग सुलझ गई है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। जल्द ही चोरी की गई शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली जाएगी।”






