छत्तीसगढ़ : बच्चों को पढ़ाना छोड़ नेटवर्क मार्केटिंग का प्रचार प्रसार पड़ा महंगा, दो शिक्षिका निलंबित

छत्तीसगढ़ : दुर्ग संभाग में शिक्षा विभाग ने दो शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया है। धमधा ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोरपा की प्रधान पाठक कल्पना सेन पर आरोप है कि वे हर्बल लाइफ कंपनी की नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़कर उत्पादों और सेवाओं की बिक्री कर रही थीं और इसी में व्यस्त रहने के कारण शैक्षिक कार्यों की अनदेखी कर रही थीं। शिकायत के बाद बीईओ स्तर पर हुई जांच में उनके पास हर्बल उत्पादों की नेटवर्क मार्केटिंग आईडी होना, बैठकों में शामिल होना और अन्य लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित करना प्रमाणित पाया गया, जिसे शासकीय दायित्वों के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया मानते हुए संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग ने उन्हें निलंबित कर दिया।
इसी तरह शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दारगांव में पदस्थ शिक्षिका एलबी त्रिवेणी गोस्वामी को भी निलंबन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। जानकारी के अनुसार सत्र 2014-15 में उन्होंने स्कूल में नियमित उपस्थिति दर्ज कराते हुए उसी वर्ष भिलाई के नायर समाजम कॉलेज, सेक्टर-8 में नियमित बीएड पाठ्यक्रम की अतिरिक्त कक्षाओं में शामिल होकर परीक्षा उत्तीर्ण की। मामले के संज्ञान में आने पर 13 अक्टूबर 2025 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिसके जवाब में उन्होंने एक ही वर्ष में स्कूल ड्यूटी के साथ नियमित बीएड कोर्स पूरा करने की बात स्वीकार की। विभाग ने इसे लापरवाही और पदीय दायित्वों की स्पष्ट उपेक्षा मानते हुए उनके विरुद्ध निलंबन आदेश जारी कर दिया।






