जांजगीर में बच्चों को शराब मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई, तीनों की हालत गंभीर


जांजगीर : के सुकली गांव में होली के मौके पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने तीन बच्चों को शराब मिली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, होली के अवसर पर गांव में डीजे पर डांस का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के तीन बच्चे कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि इसी बीच गांव के एक युवक ने उन्हें शराब मिली कोल्ड ड्रिंक दे दी। बच्चों ने जैसे ही वह पेय पदार्थ पिया, कुछ देर बाद उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं और हालत बिगड़ने लगी।
बच्चों की तबीयत खराब होते देख परिजन घबरा गए। वे तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल तीनों बच्चों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। शराब मिली कोल्ड ड्रिंक की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और परिजन दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







