छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

अगले तीन दिनों तक बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, होगी बारिश

छत्तीसगढ़ में कल से एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने 13, 14 और 15 मार्च को बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इससे अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है।

बीते दिनों से राज्य में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री ऊपर चल रहा था, जबकि पिछले 24 घंटे में यह बढ़त 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गई है। मौसम वैज्ञानिक इसके पीछे झारखंड क्षेत्र में सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम को अहम कारण मान रहे हैं, जिसके असर से यह स्थिति बनी है। फिलहाल छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क है, दोपहर में गर्मी और सुबह व रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

बिहार से झारखंड होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ (द्रोणिका) सक्रिय है। इस ऊंचाई पर वायुदाब कम होने से अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाएं यहां आकर मिल रही हैं और ऊपर की ओर उठ रही हैं।

इसी ट्रफ सिस्टम के कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। अगले दिनों में कई हिस्सों में बादल बढ़ सकते हैं, गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ट्रफ लाइन मौसम विज्ञान में कम दबाव की लंबी पट्टी को कहा जाता है, जो मानचित्र पर ऐसे क्षेत्र के रूप में दिखाई देती है जहां आसपास की तुलना में वायुदाब अपेक्षाकृत कम होता है। कम दबाव की वजह से अलग-अलग दिशाओं से हवाएं इस पट्टी की तरफ खिंचती हैं और ऊपर उठने लगती हैं, जिससे बादल और बारिश की स्थितियां बनती हैं।

पिछले 24 घंटों में दुर्ग और राजनांदगांव राज्य के सबसे गर्म जिले रहे, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में अगले 24 घंटे के लिए आसमान साफ रहने के साथ हल्की धुंध की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button