छत्तीसगढ़

CG News: वंदे भारत से 24 किलो गांजा तस्करी, दो युवतियां गिरफ्तार

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो गांजा के साथ दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वंदे भारत ट्रेन के जरिए सूटकेस में नशीला पदार्थ छिपाकर ला रही थीं। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, NCB को सूचना मिली थी कि आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दो युवतियां गांजा लेकर रायपुर पहुंचने वाली हैं। इसके बाद टीम ने रात करीब 10:30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया। जैसे ही दोनों युवतियां वंदे भारत ट्रेन से उतरकर वीआईपी गेट की ओर बढ़ीं, उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके सूटकेस से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवतियों की पहचान नीलम राठौर (23) और रीना वर्मा (21) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। CG News के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरक्षा जांच से बचने के लिए प्रीमियम ट्रेन का इस्तेमाल कर रही थीं। उन्हें लगा कि ऐसी ट्रेनों में चेकिंग कम होती है।

फिलहाल एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं और इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

इसी बीच रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खिलौने के बॉक्स में प्रतिबंधित दवाएं छिपाकर सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके पास से 676 नशीली गोलियां बरामद की हैं।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button