छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

भगवा ध्वज लहराकर जय श्री राम का जयघोष : अनुष्ठान और शोभायात्रा से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, दिव्य श्रृंगार कर पुष्प अभिषेक, फूल-मालाओं से मंदिरों की सजावट

केशव पाल @ रायपुर | भगवान राम का ननिहाल चंदखुरी धाम सोमवार को अयोध्या बन गई थी। यहां भी भव्य आयोजन हुआ। एक ओर शहर से लेकर गांव तक में दिवाली सा माहौल था वहीं दूसरी ओर चंदखुरी में दूर-दूर से भक्त दर्शन पूजन के लिए पहुंचे हुए थे। उल्लेखनीय है कि, अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर देश-दुनिया में जश्न और उत्साह का माहौल रहा। हर कोई राम के रंग में रंगा हुआ नजर आया। इसी के साथ देशवासियों का 500 साल पुराना इंतजार भी खत्म हो गया। ऐसे ऐतिहासिक क्षणों को यादगार बनाने राजधानी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। राम के ननिहाल मां कौशल्या धाम चंदखुरी में भी सुबह से देर रात तक रामोत्सव की धूम रही। भगवान राम के ननिहाल को अयोध्या मय बनाने के लिए जोरदार तैयारियां की गई थी। सोमवार को हर गांव में, हर घर में दिवाली जैसा माहौल और उत्सव नजर आ रहा था। महोत्सव को यादगार बनाने कई जगहों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं प्रोजेक्टर के जरिए भी महोत्सव का लाइव प्रसारण हुआ।

राम भजनों के साथ निकाली गई आकर्षक शोभायात्रा

अनेक स्थानों से जय श्री राम के जयघोष और राम भजनों के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकली। एक ओर पूरा वातावरण रामधुन से गुंजित हो रहा था तो वहीं दूसरी ओर कोना-कोना दीपमालाओं से जगमगा रहे थे। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर यहां भी राम नाम की गूंज रही। जगह-जगह रामचरित मानस और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। वहीं बाजे-गाजे के साथ अनेक स्थानों पर जोरदार आतिशबाजी भी हुई। लोगों ने खूब फटाखे फोड़े और राम नाम के जयकारों से माहौल को भक्ति बना दिया। इस मौके पर लोगों ने दीप प्रज्वलित कर महाआरती भी की।

इक्कीस हजार दीप प्रज्वलित कर गंगा महाआरती

चंदखुरी मंदिर परिसर दुधिया रोशनी से नहाया हुआ दिख रहा था। तैयारी ऐसी रही कि मानों राम के ननिहाल में अयोध्या उतर आई हो। इधर, घरों और मंदिरों में भी रामधुनी दिनभर गूंजती रही। घर का कोना-कोना आस्था की दीप से जगमगा उठे। हर जगह भगवा ध्वजा लहरा रहा था। तो वहीं मंदिरों में भी विशेष सजावट और लाइटिंग की गई थी। भजन कीर्तन के साथ छप्पन भोग लगाया गया वहीं जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया। जगह-जगह अनुष्ठान हुआ और कलश यात्रा निकाली गई। दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। राम मंदिरों में भगवान का पुष्प अभिषेक किया गया। हवन पूजन हुआ। आकर्षक झांकी भी सजाई गई थी। वहीं भगवान राम के ननिहाल चंदखुरी में भी दिव्य श्रृंगार कर फूल मालाओं से मंदिरों को सजाया गया था। हजारों लोग इस दिव्य और भव्य आयोजन के गवाह बने। इस मौके पर चंदखुरी में इक्कीस हजार दीप प्रज्वलित की गई। वहीं संध्या के समय भव्य गंगा महाआरती भी सम्पन्न हुई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए।

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
news36 से जुड़िए
जोहार...आपकी क्या सहायता कर सकते है, अपने आस पास की खबरें हमें भेज सकते है