छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

अन्न दान का महापर्व ‘छेरछेरा’ की धूम : दान मांगने पहुंचे युवाओं की टोलियां, घर की ड्योढ़ी में गूंजा- ‘छेरछेरा…माई कोठी के धान ल हेरहेरा’

केशव पाल @ तिल्दा-नेवरा | अन्न दान का लोकपर्व ‘छेरछेरा’ आज प्रदेश भर में धूमधाम से मनाया गया। छेरछेरा हर साल पौष यानी पूस महीनें की पूर्णिमा तिथि को पूरे छत्तीसगढ़ में उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन सुबह से ही बच्चें, युवक व युवतियां हाथ में थैला, टोकरी, झोली व बोरी आदि लेकर घर-घर छेरछेरा मांगने अर्थात् दान मांगने के लिए जाते हैं। घर वालें भी उत्साह के साथ धान का दान कर झोलियां भर देतें हैं। इस दिन ग्रामीण अंचलों में ‘छेरछेरा…माई कोठी के धान ल हेरहेरा…अरन-बरन कोदो दरन…जभे देबे तभे टरन’ की गुंज सुनाई देती है। वहीं छेरछेरा के सप्ताह भर पहले से ही गांवों में युवकों की टोलियां डंडा नृत्य करते भी नजर आते हैं। हालांकि अब डंडा नृत्य करने वालों की टोली बिरले ही नजर आतें हैं। इस दिन लोग नट बनकर नाचते गाते हुए दान मांगने जाते हैं। मान्यता है कि, इस दिन जो भी दान किया जाता है वह महादान होता है। अन्न दान के महापर्व छेरछेरा के दिन अन्नपूर्णा देवी एवं मां शाकंभरी देवी की भी पूजा की जाती है। छेरछेरा पर्व को शाकंभरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। छेरछेरा पर्व में अन्न दान की परंपरा का निर्वहन किया जाता है। इस दिन झांझ, मंजीरा, मांदर और बैंड बाजे की धुन में वाद्य यंत्रों व पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ युवाओं की टोली दान मांगने द्वार-द्वार पर दस्तक देतें हैं। घर की मुहाटी में पहुंचे टोली को किसान भी खुले हाथों से अन्न का दान करते हैं। इस दिन धान, चांवल व नकदी दान के रूप में देतें हैं। छेरछेरा के दिन छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों में पारंपरिक छेरछेरा पुन्नी मेला का भी आयोजन किया जाता है। इस दिन अमीर हो या गरीब सभी दान मांगने जाते हैं।

छेरछेरा पर्व की मान्यता

छेरछेरा पर्व को लेकर कुछ पौराणिक एवं प्रचलित कथाओं का भी जिक्र आता है। कई जनश्रुतियां व किवदंतियां भी इस पर्व को और अधिक प्रमाणिक सिद्ध करता है। कहा जाता है कि, जब खरीफ सीजन की फसल तैयार हो जाती है तो फसल के खेतों से खलिहानों में आने की खुशी में लोक पर्व छेरछेरा मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन से ग्रामीण अंचलों में शुभ कार्यों की भी शुरुआत हो जाती है। छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान प्रदेश है यहाँ के किसान वर्ग के लिए कृषि ही जीवकोपार्जन का मुख्य साधन है। इसी कारण कृषि आधारित जीवन शैली, आस्था और विश्वास के कारण ही अन्न दान करने का पर्व छेरछेरा अपने धन की पवित्रता हेतु मनाया जाता है। ऐसा भी कहा जाता है कि, भगवान शंकर विवाह के पूर्व पार्वती की परीक्षा लेने उनके घर भिक्षा मांगने के लिए गए थे।

सामाजिक समरसता को बढ़ावा

छेरछेरा पर्व कृषि प्रधान संस्कृति में दानशीलता की प्राचीन परंपरा को याद दिलाता है। यह महापर्व यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक व धार्मिक एकता को मजबूती प्रदान करता है। उत्सवधर्मिता से जुड़ा छत्तीसगढ़ ऐसे त्यौहारों के माध्यम से अपनी सुख-दुख की अभिव्यक्ति करता है। इससे सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलता है। धान का दान देने की परंपरा का पालन आज भी ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा भाव से किया जाता है। यह पर्व न केवल सांस्कृतिक बल्कि धार्मिक महत्व का भी पर्व है। इस दिन गली-मोहल्लें के घरों के सामने गोल घेरा बनाकर छेरछेरा गीत गाते हुए नृत्य करते बच्चों को घर वालों द्वारा जो भी दान मिलता है उसे बच्चे आपस में बांटते है। इस परंपरा से आपसी भाईचारे की भावना भी बढ़ती है।

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
news36 से जुड़िए
जोहार...आपकी क्या सहायता कर सकते है, अपने आस पास की खबरें हमें भेज सकते है