छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

रायपुर में उत्तरप्रदेश के 2 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर में भारतमाला सड़क परियोजना के तहत शालीमार कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप में रविवार शाम हुए सिलेंडर ब्लास्ट ने दो मजदूरों की जान ले ली। हादसे में फरमान अली और शहदाब अली दम घुटने और आग की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले थे। तीसरा मजदूर बिलाल अली बाल-बाल बच गया। घटना ने दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा दिया है।

मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। एक मजदूर ने समझदारी दिखाकर अपनी जान बचाई। आग कंटेनर के मुख्य दरवाजे पर लगी थी। कंटेनर के अंदर धुआं भरते ही वह खिड़की के पास पहुंच गया। जैसे तैसे वहां से अपना सिर बाहर निकाल कर ऑक्सीजन लेता रहा। इस दौरान उसे दूसरे मजदूरों की मदद मिल गई।

जानकारी के मुताबिक, प्रोजेक्ट में शालीमार कंस्ट्रक्शन में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। इनमें कई मजदूर अभनपुर के पहले छोटे उरला गांव के कंटेनरों में रहते हैं। इस दौरान एक कंटेनर में आग भड़की थी। जिससे कंटेनर के भीतर 3 मजदूरों में दो जिंदा जल गए।

तेज आग में हड्डी तक गल गई
नवा रायपुर एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि, दोनों मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले थे। इनमें से एक की पहचान परमान अली (25) और दूसरे मृतक मजदूर की पहचान शदाब अली (22 साल) के तौर पर हुई है। कंस्ट्रक्शन साइट में अलग-अलग शिफ्ट में सैकड़ों मजदूर काम करते हैं। परमान और शदाब भी कंस्ट्रक्शन में मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयानक थी कि मजदूरों की हड्डी भी गल गई। आग बुझाने के बाद हड्डी जमीन पर पड़ी दिखाई दी।

बारिश की आशंका में अंदर बना रहे थे खाना
ASP शुक्ला ने बताया कि सामान्य तौर पर मजदूर कंटेनर के बाहर खाना बनाते थे। पूछताछ में पता चला कि बारिश की आशंका को देखते हुए सिलेंडर को कंटेनर के अंदर ले जाकर खाना बनाया गया। इसी बीच आग लग गई। जिससे चारों तरफ धुआं भी भर गया।

हालांकि हादसे में सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ है। इसके अलावा कंटेनर के अंदर करीब 10 मजदूरों के बिस्तर लगे हुए थे। ये बिस्तर जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने आग में कंट्रोल पा लिया है। फिलहाल मजदूरों के परिजनों को कंपनी के माध्यम से जानकारी दी गई है।

तीसरा मजदूर का अस्पताल में इलाज जारी
बताया जा रहा है कि कंटेनर के अंदर फंसे एक मजदूर ने खुद की जान बचाई। उसने चिल्लाते हुए दूसरे मजदूरों से मदद मांगी। आवाज सुनकर मदद के लिए मजदूर पहुंचे। उन्होंने कंटेनर के दूसरे तरफ दरवाजे को खोला।

यह दरवाजा बाहर से ही खुलता था। दरवाजा खुलते ही मजदूर दौड़कर बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। हालांकि शरीर के अंदर थोड़ी मात्रा में धुआं जाने से एहतियात तौर पर उसे भी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।

अवशेष परिजन को सौंपे जाएंगे
इस मामले में पुलिस पोस्टमॉर्टम के बाद मजदूरों के अवशेष परिजनों को सौंपेगी। इस मामले में अभनपुर थाना प्रभारी का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है, इसमें कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button