छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित पोस्ट, कांग्रेस नेता पर दर्ज हुई FIR

कांकेर : रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के एक वीडियो में छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की शिकायत पर भाजपा कार्यकर्ता थाना पहुंचे। शिकायत के 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। देर रात सांसद भोजराज नाग भी थाने पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में बैठकर जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता अजय भास्वानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

मामला केंद्रीय गृहमंत्री के वीडियो को छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से डालने का है। कांग्रेस नेता अजय भास्वानी ने यह वीडियो अपने फेसबुक वॉल पर अपलोड किया था। भाजपा का आरोप है कि इस वीडियो से छेड़छाड़ कर गृहमंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार किया गया है। शिकायत के बावजूद 24 घंटे में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने पर भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई नेता कोतवाली थाना पहुंचे। सांसद भोजराज नाग ने भी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। तनावपूर्ण माहौल के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना में बैठकर प्रदर्शन किया और पुलिस ने अंततः कांग्रेस नेता अजय भास्वानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button