छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा ,मासूम बच्ची की मौत, 6 घायल

छत्तीसगढ़ के धमतरी में आज दोपहर यात्रियों से भरी बस पलट गई। हादसे में चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन यात्री घायल हो गये। घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ादाह की है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर सभी का उपचार जारी हे।
दरअसल, आज दोपहर डीआरडी कंपनी की यात्री बस सीजी 04 ई 2872 धमतरी से नगरी की ओर जा रही थी। बस में 20 से ज्यादा यात्री सवार थे। इसी दौरान केरेगांव थाना क्षेत्र के खड़ादाह के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दंपति टीकाराम साहू 58 वर्ष, पत्नी कुमारी बाई साहू 54 वर्ष ग्राम बेलौदी का इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना में मासूम बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घायलों के परिजन भी घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंच रहे हैं।
वहीं, धमतरी पुलिस बस चालक को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। फिलहाल हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।