जाने वाले सीएस अमिताभ जैन और आने वाले नए सीएस विकासशील के बारें में जाने सब कुछ

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे 30 सितंबर को मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन के कार्यकाल पूरा करने के बाद पदभार ग्रहण करेंगे। उल्लेखनीय है कि अमिताभ जैन राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव रहे हैं। उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार भी दिया गया था। माना जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद उन्हें बिजली विनियामक आयोग का चेयरमैन बनाया जा सकता है।

दल्लीराजहरा से लेकर आईआईटी दिल्ली तक
अमिताभ जैन का जन्म 21 जून 1965 को दल्लीराजहरा (जिला बालोद) में हुआ। स्कूली शिक्षा यहीं से हासिल करने के बाद उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश की 11वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप किया। स्नातक की पढ़ाई भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में की और फिर IIT दिल्ली से सिस्टम्स मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की।
प्रशासनिक करियर की शुरुआत
1989 में UPSC परीक्षा पास करने के बाद उनका चयन IAS में हुआ। उन्हें शुरू में मध्यप्रदेश कैडर मिला, लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य बनने पर वे यहां आ गए। जून 1990 में उनकी पहली नियुक्ति जबलपुर में असिस्टेंट कलेक्टर के रूप में हुई। इसके बाद वे नीमच के एसडीएम, सरगुजा के प्रोजेक्ट अधिकारी, ग्वालियर में एडिशनल कलेक्टर और सीईओ जैसे पदों पर कार्यरत रहे।
विभिन्न जिलों में कलेक्टर
1997 से उन्होंने रायगढ़, छतरपुर, होशंगाबाद, राजगढ़ और नीमच में कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली। रायपुर जिले के भी वे दो बार कलेक्टर रहे—पहली बार राज्य गठन के समय (2000–2003) और दूसरी बार 2004–2005 तक।
राज्य और केंद्र में महत्वपूर्ण भूमिकाएं
आईएएस अमिताभ जैन ने छत्तीसगढ़ शासन में वित्त, उद्योग, लोक निर्माण, जल संसाधन, वन, गृह, जेल और योजना जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में सचिव, प्रमुख सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में ज़िम्मेदारी संभाली।
केंद्र सरकार में भी सात वर्षों तक उन्होंने सेवा दी। वाणिज्य मंत्रालय में डायरेक्टर और संयुक्त सचिव रहते हुए विदेशी व्यापार नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाई। वहीं, लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में Minister (Economic) के तौर पर भारत-यूके व्यापार और निवेश सहयोग को मजबूत किया।
सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव
30 नवंबर 2020 को उन्हें छत्तीसगढ़ का 12वां मुख्य सचिव बनाया गया। राजेंद्र प्रसाद मंडल के सेवानिवृत्त होने के बाद पद संभालने वाले जैन लगातार चार वर्षों तक इस प्रमुख पद पर बने रहे। निर्धारित तिथि के अनुसार वे 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार दिया गया और वे 30 सितंबर तक मुख्यमंत्री सचिवालय की कमान संभालते रहे। इस तरह वे राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव बने।
अतिरिक्त जिम्मेदारियां
मुख्य सचिव रहते हुए वर्ष 2024 में उन्हें राज्य नीति आयोग का उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया। यह पहली बार हुआ जब राज्य सरकार ने किसी मुख्य सचिव को रिटायरमेंट के बाद सेवा विस्तार प्रदान किया।
अमिताभ जैन के रिटार्यड होने के बाद 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील राज्य के नए मुख्य सचिव बन गए है,जो 30 सितंबर 2025 को पदभार संभालेंगे । छत्तीसगढ़ के गठन (2000) के बाद से अब तक कुल 12 अधिकारियों ने मुख्य सचिव का पद संभाला है। अब विकासशील 13 वें मुख्य सचिव होंगे.
सबसे लंबा और सबसे छोटा कार्यकाल
अमिताभ जैन ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पद पर सबसे लंबा कार्यकाल (4 साल 10 महीने) पूरा किया, उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार भी मिला था। विवेक ढांढ और पी. जॉय उम्मेन का कार्यकाल भी तीन साल से अधिक रहा। वहीं, सुनील कुजूर का कार्यकाल मात्र 10 महीने रहा, जो छत्तीसगढ़ के इतिहास में सबसे कम है। आरपी मंडल 13 महीने मुख्य सचिव रहे.
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिवों की सूची और कार्यकाल


नए मुख्य सचिव विकासशील का प्रोफाइल
1994: भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन, छत्तीसगढ़ कैडर
2000 के दशक: बिलासपुर एवं रायपुर के कलेक्टर
राज्य सरकार: उद्योग, वित्त और सामान्य प्रशासन विभागों में जिम्मेदारी
केंद्र सरकार: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जल शक्ति मंत्रालय (जल जीवन मिशन) में वरिष्ठ पद
जनवरी 2024: एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), मनीला में कार्यकारी निदेशक नियुक्त
मार्च 2025: भारत सरकार में सचिव-ग्रेड के लिए एंपैनल
सितंबर 2025: डीओपीटी ने एडीबी को रिलीव करने के लिए पत्र लिखा
30 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे.