देश दुनिया

Lalu Yadav Controversy । देश दुनिया में लालू प्रसाद यादव के फजीहत होने के ये है कारण

राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। वह लंबे समय तक बिहार के सीएम भी रह चुके हैं, लेकिन उनपर लगे विवाद काफी चर्चित रहे हैं। चारा घोटाला से लेकर बेनामी संपत्ति तक का मामला लालू प्रसाद यादव के लिए टेंशन बने हुए हैं। लालू प्रसाद यादव पर बिहार में जंगलराज लाने के भी आरोप लगते हैं। नया मामला लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव से जुड़ा हुआ है। दरअसल, लालू प्रसाद ने खुद तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

विवाद नंबर 1- चारा घोटाला
लालू यादव से जुड़े सबसे बड़े विवाद की बात करें तो यह चारा घोटाला है। इसे बिहार का सबसे बड़ा घोटाला कांड भी कहा जाता है। चारा घोटाले में 950 करोड़ रुपये का गबन किया गया है। चारा घोटाला बिहार का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार वाला कांड है। ये मामला 1996 में तब सामने आया, जब चाईबासा के उपायुक्त अमित खरे ने पशुपालन विभाग के दफ्तरों पर छापा मारा। उस दौरान फर्जी दस्तावेजों का भी खुलासा हुआ था। चारा घोटाले के तहत पशुपालन विभाग के नाम पर सरकारी खजाने से फर्जी बिलों के जरिए करीब 950 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई। लालू प्रसाद यादव इस मामले में मुख्य आरोपी हैं, जो उस समय बिहार के मुख्यमंत्री थे। इसके अलावा कई नेता और अधिकारी भी इसमें शामिल हैं।

विवाद नंबर 2- बेनामी संपत्ति मामला
लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर बेनामी संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप है। इस मामले में आयकर विभाग और ईडी की टीम ने साल 2017 में लालू यादव के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें सिर्फ लालू प्रसाद यादव ही नहीं बल्कि उनकी पत्नी राबड़ी देवी, उनकी बेटी मीसा भारती और उनके बेटे तेजस्वी यादव की भी संपत्तियों को अटैच किया गया। आरोप है कि लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने इस मामले में 1000 करोड़ से अधिक रुपये के बेनामी संपत्ति हासिल की है। ये संपत्तियां पटना से लेकर गुरुग्राम तक अलग-अलग जगहों पर हैं।

विवाद नंबर 3- मीसा भारती फार्महाउस विवाद
दरअसल, ये मामला भी लालू परिवार से ही जुड़ा हुआ है। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार मीसा भारती के सीए राजेश अग्रवाल ने ईडी के सामने घोटाले की बात स्वीकार की थी। उन्होंने ईडी के सामने स्वीकार किया था कि एक शेल कंपनी के जरिए 1.20 करोड़ रुपये के कालेधन को सफेद बनाया गया। इसके अलावा यह भी आरोप लगे कि इस 1.20 करोड़ रुपये की राशि से मीसा ने दिल्ली के बिजवासन इलाके में एक फार्म हाउस खरीदा। राजधानी दिल्ली में इनके द्वारा एक करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदी कई संपत्तियों की कीमत 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये मामला भी बेनामी संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है।

विवाद नंबर 4- बिहार में जंगलराज का आरोप
लालू प्रसाद यादव 90 के दशक में लंबे समय तक बिहार के सीएम पद पर बने रहे। हालांकि इस दौरान उनपर बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ाने के आरोप लगाए जाते हैं। विपक्षी दलों के द्वारा लगातार बिहार में जगंलराज की बात की जाती है। लालू प्रसाद यादव 1990 से 1997 तक बिहार के सीएम रहे। इस दौरान बिहार में लूट, हत्या और छिनैती जैसे अपराधों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन घटनाओं की वजह से लालू प्रसाद यादव पर बिहार में कानून व्यवस्था ठीक से स्थापित नहीं कर पाने का आरोप लगता है।

विवाद नंबर 5- तेज प्रताप यादव से जुड़ा विवाद
लालू परिवार एक बार इन दिनों विवादों में आ गया है। लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव की एक लड़की के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद विवाद काफी बढ़ गया है। इस विवाद के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने परिवार से भी तेज प्रताप का नाता तोड़ने की बात कही थी। दरअसल, तेज प्रताप यादव की शादी पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से साल 2018 में हुई थी। हालांकि इस शादी के बाद से कई विवाद सामने आए। फिलहाल यह मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोप है कि राबड़ी देवी और मीसा भारती ने ऐश्वर्या राय के साथ मारपीट भी की है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button