जानिए छत्तीसगढ़ में कब होगी सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता की परीक्षाएं, संभावित परीक्षा तिथियां जारी


छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार करने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने 15 अक्टूबर 2025 को जारी परीक्षा कैलेंडर में आरक्षित तिथियों का उल्लेख किया था, जिसके तहत अब संभावित परीक्षा तिथियां स्पष्ट कर दी है। शिक्षक भर्ती के लिए तीन अलग-अलग संभावित तिथियां घोषित की गई है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए परीक्षाएं निम्न तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।
सहायक शिक्षक – 11 अक्टूबर 2026
शिक्षक – 25 अक्टूबर 2026
व्याख्याता – 29 नवंबर 2026
व्यापम ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रवेश पत्र एवं अन्य अपडेट के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। गौरतलब है कि इन परीक्षाओं का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। तिथियों की घोषणा के बाद अब अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी अंतिम चरण में पहुंचाने का अवसर मिलेगा।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में योगदान देंगे।








