छत्तीसगढ़ : सालगिरह की खुशियां मातम में बदलीं; ट्रेलर-स्कॉर्पियो की भिड़ंत में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत


छत्तीसगढ़ :रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने एक अनियंत्रित ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
घटना देर रात करीब 2 बजेकी है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार सकरी-रतनपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर (CG 11 BD 9044) अचानक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में घुस गया,सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को ट्रेलर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए,टक्कर के बाद ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रक से जा टकराया और पलट गया।
गैस कटर से काटे गए वाहन के हिस्से
हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो में सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। राहत कार्य के दौरान शवों और घायल को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा सका।
सालगिरह मनाकर लौट रहा था परिवार
मृतक और घायल एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो तखतपुर-मुंगेली क्षेत्र के निवासी हैं। वे यादव ढाबा में आयोजित एक शादी की 25वीं सालगिरह के जश्न में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म कर घर लौटते समय, ढाबे से कुछ ही दूरी पर वे इस हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतकों की शिनाख्त और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को भी खुलवा दिया गया है।








