शराबप्रेमियों के लिए अच्छी खबर, छत्तीसगढ़ में नहीं बढ़ेगी शराब के दाम…सरकार बोली…

छत्तीसगढ़ में शराब की कीमतों को लेकर चल रही अफवाहों पर अब विराम लग गया है। राज्य सरकार और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी का कोई फैसला नहीं लिया गया है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और आम चर्चाओं में यह बात फैल रही थी कि 1 अप्रैल से प्रदेश में शराब महंगी होने वाली है। इन अटकलों को खारिज करते हुए राज्य शासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
केवल ड्यूटी दरें तय, कीमतें नहीं
शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान में केवल देशी, विदेशी मदिरा और बियर पर ड्यूटी दरें (Duty Rates) निर्धारित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मदिरा श्रेणियों की ड्यूटी दरें पिछले वर्ष की तरह यथावत (No change) रखी गई हैं। केवल ‘चीप रेंज’ और ‘देशी मदिरा’ की ड्यूटी दरों में ही आंशिक बदलाव किया गया है।
कैसे तय होती है शराब की कीमत?
आबकारी विभाग ने समझाया है कि शराब की अंतिम फुटकर बिक्री दर (Retail Price) केवल ड्यूटी से तय नहीं होती। इसके लिए कई अन्य कारकों को जोड़ा जाता है जैसे
मदिरा की खरीदी दर (Purchase Rate)
सीव्हीडी दर (CVD Rate)
अधिभार (Surcharge)
अधोसंरचना शुल्क (Infrastructure Cess)
प्रक्रिया अभी जारी है
विभाग के अनुसार, वर्ष 2026-27 के लिए रेट ऑफर और खरीदी दर संबंधी कार्यवाही अभी प्रक्रियाधीन (Under Process) है। जब तक ये सभी कारक फाइनल नहीं हो जाते, तब तक कीमतों में वृद्धि की बात कहना जल्दबाजी और निराधार है।






