Chhattisgarh : सहेलियों की सनसनीखेज दरिंदगी : चरित्र पर टिप्पणी से भड़कीं महिलाएं, निजी अंग में डाली मिर्च और ले ली जान

Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से मानवीय संवेदनाओं को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रूह कंपा दी है। मैनपुर विकासखंड के ग्राम गरीबा में दो महिलाओं ने अपनी ही सहेली की न केवल हत्या की, बल्कि उसे मौत से पहले ऐसी यातनाएं दीं जिसे सुनकर पूरा इलाका स्तब्ध है।
चरित्र पर उठी उंगली और बन गया ‘मौत का खेल’
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। मृतका सुमित्रा नेताम (37 वर्ष) और आरोपी महिलाएं सुगतिन नेताम (36 वर्ष) व इतवारिन बाई (46 वर्ष) आपस में सहेलियां थीं। विवाद की जड़ ‘चरित्र पर टिप्पणी’ बनी। सुमित्रा, आरोपियों के चरित्र को लेकर गांव में बातें कर रही थी। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल होता देख दोनों आरोपियों के मन में बदले की आग सुलग रही थी।
बर्बरता की सारी हदें पार: गुप्तांग में डाली मिर्च
मंगलवार दोपहर, जब सुमित्रा अपने घर पर थी, दोनों आरोपी महिलाएं एक सोची-समझी साजिश के तहत वहां पहुँचीं। इसके बाद जो हुआ वह किसी डरावनी फिल्म से कम नहीं था,आरोपियों ने सुमित्रा को काबू में किया और उसके निजी अंगों (गुप्तांग) में लाल मिर्च और ज्वलनशील पदार्थ डाल दिए, तड़पती हुई सुमित्रा के सीने पर चढ़कर आरोपियों ने डंडे और लात-घूंसों से हमला किया। इस भीषण शारीरिक हिंसा और असहनीय दर्द के कारण सुमित्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी महिलाएं फरार होने की फिराक में थीं। चूंकि इलाका नक्सल प्रभावित है, इसलिए शोभा थाना पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए रात में ही ऑपरेशन चलाया। थाना प्रभारी नकुल सिदार के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों (सुगतिन और इतवारिन) को गिरफ्तार कर लिया।
गांव में सन्नाटा और आक्रोश
इस नृशंस वारदात के बाद से ग्राम गरीबा में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग इस बात से हैरान हैं कि सालों की दोस्ती का अंत इतने वीभत्स तरीके से होगा। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।






