रायपुर में मानवता शर्मसार : भीख मांग रही बच्ची को कार में बैठाकर ले जाकर दुष्कर्म

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी (VIP) रोड इलाके से एक रूह काँप जाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक 8 साल की मासूम बच्ची के साथ न केवल दरिंदगी की गई, बल्कि उसे सूनसान जगह पर बेसहारा छोड़कर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
लालच देकर बिछाया जाल
यह शर्मनाक वाकया बुधवार रात करीब 9:30 बजे तेलीबांधा ट्रैफिक सिग्नल के पास शुरू हुआ, दो मासूम बहनें सिग्नल पर भीख मांग रही थीं। तभी आरोपी अपनी कार लेकर वहाँ पहुँचा और उन्हें भरपेट अच्छा खाना खिलाने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बिठा लिया।
शातिर आरोपी ने रास्ते में बड़ी बहन (9 वर्ष) को खाने का सामान लाने के लिए पैसे दिए और उसे कार से नीचे उतार दिया। जैसे ही वह उतरी, आरोपी छोटी बच्ची को लेकर तेजी से वीआईपी रोड की ओर फरार हो गया।
आरोपी मासूम को एक अंधेरे और सूनसान इलाके में ले गया, जहाँ उसने कार के भीतर ही बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और उसे रोता-बिलखता छोड़कर भाग निकला।
सीसीटीवी से मिला सुराग
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल ऑपरेशन शुरू किया। शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे आरोपी की कार का नंबर और उसकी पहचान हो सकी। गिरफ्तार आरोपी का नाम सुनील है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के सड्डू इलाके में ड्राइवर का काम करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।






