Chhattisgarh : किसानों का करीब पौने चार करोड़ बकाया भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी,किसानों ट्रेक्टर रैली 20 फरवरी को

Chhattisgarh :साल 2024–25 के रबी सीजन में कावेरी बीज कम्पनी सिकंदराबाद तेलंगाना द्वारा किसानों की भूमि लीज (रेंग) पर लेकर छत्तीसगढ़ के 132 किसानों एवं मजदूरों से बीज उत्पादन कराया गया था, मजदूरों से कड़ी मेहनत कराई गई, मशीनरी का उपयोग कराया गया लेकिन आज तक मेहनताना और लीज राशि का भुगतान नहीं किया गया।
कुल बकाया मूल राशि ₹3,23,26,388/- ( तीन करोड़ तेइस लाख छब्बीस हजार तीन सौ अठ्यासी रुपये) है। जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक 2% मासिक ब्याज जोड़ने पर ₹51,72,222/- अतिरिक्त देय है। इस प्रकार कुल बकाया राशि ₹3,74,98,610/- (तीन करोड़ चौहत्तर लाख अट्ठानवे हजार छह सौ दस रुपये) हो चुकी है।
इस विषय पर किसानों का महत्वपूर्ण बैठक पन्नालाल टावर महासमुंद में सम्पन्न हुआ. बैठक में उपस्थिति जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ) छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही, प्रभावित किसानों कृष्ण कुमार चंद्राकर, रोशन चंद्राकर, महेन्द्र, बंजारे, प्रवीण चंद्राकर, भीखम चंद्राकर, पंकज चंद्राकर, केशवराम पाल आदि ने कहा कि यह केवल आर्थिक मामला नहीं है, यह किसानों और मजदूरों की मेहनत, सम्मान और जीवन से जुड़ा प्रश्न है। भुगतान न मिलने के कारण कई परिवार कर्ज में डूब चुके हैं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है, और आजीविका संकट में है। शासन-प्रशासन से बार-बार निवेदन करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसलिए बाध्य होकर समस्त प्रभावित किसान एवं मजदूर दिनांक 20/02/2026 (शुक्रवार) को रायपुर धनेली स्थित कंपनी के प्रसंस्करण प्लांट का घेराव करेंगे। महासमुंद से सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ विशाल रैली निकालकर शांतिपूर्ण किंतु दृढ़ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यदि तत्काल प्रभाव से भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से उग्र रूप दिया जाएगा जिसमें रेल रोको आंदोलन शामिल होगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी।






