ग्राम फरहदा में सीपत पुलिस की कार्रवाई : ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत रेड, 7 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त — आरोपी न्यायिक रिमांड पर
सीपत में नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं , अवैध शराब बेचने वालों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई — T.I. मिश्रा

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– थाना सीपत पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम फरहदा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 7 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब (लगभग 2100 मूल्य) जब्त कर आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस को 15 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि ग्राम फरहदा (डिपरापारा) में अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री हेतु संग्रहित की गई है। सूचना मिलते ही थाना सीपत से टीम गठित कर दबिश दी गई। मौके पर आरोपी मनीराम यादव (51 वर्ष) निवासी ग्राम फरहदा को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
थाना सीपत प्रभारी राजेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सीपत क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण या बिक्री में लिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीपत पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें






