बिलासपुर संभाग

महाशिवरात्रि की रात आस्था पर डाका: लुतरा से राउतराय महाराज सहित 5 प्राचीन मूर्तियां चोरी, क्षेत्र में उबाल

देव स्थल से आराध्य देव गायब, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीण रह गए स्तब्ध — शीघ्र खुलासे की मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर ग्राम लुतरा में हुई सनसनीखेज चोरी ने पूरे क्षेत्र की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम लुतरा स्थित प्राचीन देव स्थल से वर्षों से विराजित बाबा राउतराय महाराज की मूर्ति सहित कुल पांच प्रतिमाएं अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गईं। घटना सामने आते ही गांव में शोक, आक्रोश और बेचैनी का माहौल बन गया।।ग्रामीणों के अनुसार राउतराय महाराज ग्राम के आराध्य देव हैं। गांव की स्थापना काल से उनकी विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा कर पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। प्रतिदिन सुबह-शाम दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धालु दर्शन करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार सुबह विशेष पूजा के लिए जब ग्रामीण देव स्थल पहुंचे तो चबूतरा सूना देख उनके होश उड़ गए। राउतराय महाराज की मूर्ति के साथ वहां स्थापित चार अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी गायब थीं। हालांकि समीप स्थित छोटे मंदिर में स्थापित बजरंग बली की मूर्ति सुरक्षित पाई गई।

महिलाओं की आंखों में आंसू, युवाओं में उबाल :-

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण देव स्थल पर एकत्र हो गए। महिलाओं और बुजुर्गों की आंखों में आंसू थे, वहीं युवाओं में गहरा आक्रोश स्पष्ट दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसे केवल चोरी नहीं बल्कि गांव की आस्था और परंपरा पर सीधा हमला बताया।
ग्रामीणों ने पहले स्वयं आसपास के खेतों और मार्गों में तलाश की, लेकिन मूर्तियों का कोई सुराग नहीं मिला। घटनास्थल के समीप कुछ संदिग्ध वाहनों के निशान जरूर दिखाई दिए हैं, जिससे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

थाने में शिकायत, दुर्व्यवहार का आरोप :–

सरपंच चंद्रमणि मेरावी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल सीपत थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाने के एक प्रधान आरक्षक द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और घंटों बैठाए रखा गया। बताया गया कि सीसीटीएनएस सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण तत्काल ऑनलाइन एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध लिखित शिकायत स्वीकार की।

एसएसपी के निर्देश पर जांच तेज :–

ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीएसपी को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए तथा विशेष टीम गठित कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ, संदिग्ध गतिविधियों की जांच और संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, आंदोलन की चेतावनी :–

महाशिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मूर्तियों की शीघ्र बरामदगी कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि गांव की आस्था को न्याय मिल सके। यदि शीघ्र खुलासा नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। लुतरा ही नहीं, आसपास के गांवों में भी घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है। इस दौरान सरपंच चंद्रमणि मेरावी, उपसरपंच जीवन सिदार, ढोलाराम कैवर्त, पूर्व सरपंच संतोष गंधर्व, परस कैवर्त, नारायण सिंह मरावी, चंदराम कोर्राम, पुष्कर मरावी, आशीष शर्मा, पूर्व सरपंच संतोष कैवर्त, सगुन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अब पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है — क्या महाशिवरात्रि की यह पीड़ा जल्द दूर होगी?

ख़बर को शेयर करें

Back to top button