सड़क व स्कूल से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वनांचल का खम्हरिया मुख्य मार्ग पर ऐतिहासिक चक्काजाम आज
विद्यालय में अतिक्रमण हटाने और 12 किमी जर्जर सड़क निर्माण को लेकर वनांचल क्षेत्र में आक्रोश , जनपद सदस्य के नेतृत्व में हजारों ग्रामीणों के जुटने की तैयारी

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– मस्तूरी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में आज जनआक्रोश निर्णायक रूप लेने जा रहा है। ग्राम पंचायत खम्हरिया मुख्य मार्ग पर प्रस्तावित चक्काजाम को लेकर सुबह से ही माहौल गर्म है। जेवरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कथित अतिक्रमण हटाने तथा खम्हरिया–सोंठी–नवापारा से अदराली तक लगभग 12 किलोमीटर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर हजारों ग्रामीणों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इस व्यापक आंदोलन का नेतृत्व सोंठी क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती लक्ष्मीन देव सिंह पोर्ते कर रही हैं। वनांचल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बैठकों के बाद आज के चक्काजाम का निर्णय लिया गया था। आंदोलन को लेकर गांव-गांव में व्यापक जनसमर्थन देखने को मिल रहा है।

शासन-प्रशासन को पूर्व सूचना, जनदर्शन में भी सौंपा गया आवेदन
आंदोलन की सूचना पूर्व में लिखित रूप से जिला प्रशासन को दी जा चुकी है। जनदर्शन में जिला कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जेवरा विद्यालय परिसर के अहाता के भीतर कथित रूप से अवैध कब्जा कर बाड़ी लगाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर में अतिक्रमण बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वहीं दूसरी प्रमुख मांग 12 किलोमीटर लंबी खम्हरिया अदराली–जेवरा सड़क के निर्माण की है, जो वर्षों से जर्जर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
बच्चों की सुरक्षा और जनता की सुविधा से समझौता नहीं
जनपद सदस्य श्रीमती लक्ष्मीन बाई देव सिंह पोर्ते ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय परिसर में अतिक्रमण बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जर्जर सड़क से आम जनता की जान जोखिम में है। 13 जून 2023 और 4 सितंबर 2025 को भी प्रशासन को आवेदन दिया गया, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि आज भी समाधान नहीं हुआ तो जनहित में बड़ा आंदोलन हमारी मजबूरी है। बच्चों की सुरक्षा और ग्रामीणों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यह आंदोलन केवल सड़क या विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
वनांचल से उमड़ेगा जनसैलाब
सूत्रों के अनुसार, खम्हरिया मुख्य मार्ग पर आज हजारों ग्रामीणों के जुटने की संभावना है। वनांचल क्षेत्र के गांवों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा है कि अब समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। पूरे क्षेत्र में आज के चक्काजाम को लेकर हलचल तेज है। सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।







