छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

Chhattisgarh : महाशिवरात्रि मेले में मुस्लिम दुकानदार ने लगा दी ‘जय माता दी’ चाट भंडार, बजरंग दल ने मचाया बवाल

Chhattisgarh : भिलाई चरोदा के ऐतिहासिक देव बलौदा मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय महाशिवरात्रि मेले (15-16 फरवरी) में सोमवार को उस वक्त भारी बवाल मच गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम दुकानदारों पर पहचान छिपाकर व्यापार करने का आरोप लगाया। विवाद की शुरुआत एक ‘गुपचुप’ (पानी-पूरी) के ठेले से हुई, जिसने देखते ही देखते पूरे मेले का माहौल गरमा दिया।

QR कोड ने बिगाड़ा खेल: निकला ‘भाईजान’
मेले में एक चाट का ठेला लगा था जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘अजीत चाट भंडार’ और ‘जय माता दी’ लिखा था। स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को तब शक हुआ जब ऑनलाइन पेमेंट के लिए QR कोड स्कैन किया गया। स्कैन करते ही स्क्रीन पर दुकानदार का नाम ‘भाईजान चाट वाला’ फ्लैश हुआ। इस खुलासे के बाद बजरंग दल के पदाधिकारी भड़क गए और उन्होंने इसे ‘पहचान की चोरी’ और हिंदुओं के साथ ‘धोखा’ करार दिया।

‘थूक और मूत्र जिहाद’ के आरोप और तीखी नोकझोंक
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए मेले में मौजूद अन्य मुस्लिम दुकानदारों की भी पड़ताल शुरू कर दी। घटना के जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें कार्यकर्ता दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों पर ‘थूक और मूत्र जिहाद’ जैसे गंभीर आरोप लगाए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा, “तुमने अपनी पहचान क्यों छिपाई? अगर व्यापार करना है तो अपनी असल पहचान के साथ करो।”

मेला खाली करने का फरमान
हंगामे के बाद बजरंग दल ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी मुस्लिम व्यापारियों को तुरंत अपनी दुकानें समेटने और मेला परिसर छोड़कर जाने के लिए मजबूर कर दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि धार्मिक आयोजनों में पहचान छिपाकर दुकान लगाना हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है।

गरियाबंद मामले में विरोध न करने का आरोप
महाशिवरात्रि मेले में बजरंग दल के कार्यकर्ता लगातार मुस्लिम दुकानदारों को यह कह रहे थे कि, अगर अच्छे मुसलमान हो तो गरियाबंद के मामले में कोई भी विरोध करने क्यों नहीं आया। भगवान की तस्वीर बेचने वाली मुस्लिम महिला दुकानदार से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि, तुम्हारे समाज वाले हिंदुओं को गोली मार रहे हैं।

इस पर मुस्लिम महिला दुकानदार ने कहा कि, हम यहां पर रहते हैं, हमारी क्या गलती है। इस पर बजरंग दल कार्यकर्ता ने कहा कि, तुम्हारी गलती है कि तुम मुसलमान हो। इस दौरान महिला से जय श्री राम के नारे लगाने भी कहा गया।

जाओ मस्जिद के बाहर दुकान लगाओ – बजरंग दल
मुस्लिम दुकानदारों को दुकान समेटने और मेले से जाने के लिए कहा गया। बजरंग दल के कार्यकर्ता ने कपड़ा बेच रहे एक दुकानदार से कहा कि, बंद करो दुकान बहुत हो गई दुकानदारी। जाओ मस्जिद के सामने दुकान लगाना। यहां मत आना। इस दौरान कुछ महिलाएं मुस्लिम व्यापारी से सामान खरीद चुकी थी। जिसे कार्यकर्ताओं ने वापस करवा दिया और महिलाओं को मुस्लिमों से सामान न खरीदने की बात कही।

हमको हिंदू-मुस्लिम धर्म से क्या मतलब – मुस्लिम व्यापारी
इस विवाद के बीच एक मुस्लिम व्यापारी ने कहा कि, हम लोग 20-25 साल से देव बलौदा का मड़ई बाजार कर रहे हैं। हमको हिंदू-मुस्लिम धर्म से क्या मतलब। हमको तो दो पैसा कमाना है, धंधा करना है और घर चले जाना है। हम काहे के लिए धार्मिक वाली बात करेंगे। इस बाजार में सभी जाति के लोग हैं, हिंदू भी हैं मुसलमान भी है। अब आप मुसलमान को टार्गेट कर बोलोगे कि मुसलमान दुकान नहीं लगा सकता तो वैसा तो हो नहीं सकता।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button