बिलासपुर : तालाब किनारे पी रहे थे शराब, डूबने से दो युवकों की मौत


न्यायधानी बिलासपुर में तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। हाथ-मुंह धोने के दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा का रहने वाला हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द का रहने वाला शिवम मानिकपुरी (20) अपने साथियों के साथ रविवार दोपहर में खमतराई की ओर घूमने गए थे, जहां अमहा तालाब के किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीते हुए बातचीत कर रहे थे। शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने तालाब की ओर गए। जैसे ही दोनों पानी के पास पहुंचे, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरे हिस्से में चले गए। तैरना न आने की वजह से गहराई में जाते ही वे डूबने लगे जिसे देख साथियों ने बचाने की कोशिश की। एक युवक पानी में उतरा, उसे भी तैरना नहीं आता था। वह भी डूबने लगा। बाकी दोस्तों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक हिमांशु और शिवम लापता हो चुके थे।








