रायपुर संभाग

PM मोदी पर विवादित टिप्पणी : छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने यूपी से किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से हिरासत में लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी कौशांबी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से जुड़े मामले में की गई है।

कौशांबी से दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूत्रों के मुताबिक, उक्त पोस्ट को लेकर पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस टीम कौशांबी पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कितनी डरपोक है यह भाजपा सरकार – भूपेश बघेल
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कितनी डरपोक है यह भाजपा सरकार!! अपने बाबूजी के पिंडदान के लिए संगम गए कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने फ़रवरी माह के किसी सोशल मीडिया पोस्ट के लिए गिरफ़्तार कर लिया है. उत्तर प्रदेश पहुँचकर छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ़्तारी भाजपा की घबराहट, प्रधानमंत्री द्वारा अमेरिका के सामने सरेंडर से हो रही थू-थू के चलते खीज दर्शाता है. हम सब भाई विनोद तिवारी के साथ पूरी मज़बूती से खड़े हैं.

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button