छत्तीसगढ़

मकान बनाने के नाम पर 20 लाख की ठगी, पैसे मांगे तो दाऊद-छोटा शकील के नाम पर मिली गोली मारने की धमकी

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धोखाधड़ी और धमकी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ठेकेदार ने मकान निर्माण के नाम पर 20 लाख रुपये लेने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो उसे अंडरवर्ल्ड के नाम पर जान से मारने की धमकी दिलाई गई।

यह मामला National Institute of Technology Raipur में पदस्थ सिक्योरिटी अफसर बलराम नायक से जुड़ा है। उन्होंने अवंति विहार निवासी ठेकेदार दिनेश देवांगन (मेसर्स पुनिवर्सल ब्रिक्स) के खिलाफ डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित बलराम नायक के अनुसार उन्होंने महादेव घाट रोड स्थित सुदर्शन विहार में अपने मकान के पुनर्निर्माण का काम ठेकेदार दिनेश देवांगन को सौंपा था। वर्ष 2024 से 2025 के बीच उन्होंने किश्तों में करीब 20 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूरा नहीं किया।

आरोप है कि जब बलराम नायक ने काम पूरा करने या पैसे लौटाने का दबाव बनाया, तो ठेकेदार ने उन्हें डराने की कोशिश की। एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को Chhota Shakeel और Dawood Ibrahim का करीबी बताते हुए धमकी दी कि अगर दोबारा पैसे मांगे तो गोली मरवा दी जाएगी।

इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार ने कुछ गुंडों की मदद से फर्जी इकरारनामे पर जबरन हस्ताक्षर कराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की।

लगातार धमकियों और टालमटोल से परेशान होकर बलराम नायक ने आखिरकार डीडी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार दिनेश देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button