बीजापुर के बाद अब सुकमा में 10वीं की नाबालिग छात्रा मिली गर्भवती, प्रशासन में मचा हड़कंप


बीजापुर जिले के गंगालूर छात्रावास में तीन छात्राओं के गर्भवती मिलने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आवासीय विद्यालय की नाबालिग छात्रा के गर्भवती पाए जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बेहोश होने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार, कोंटा स्थित आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 10वीं की छात्रा 9 मार्च को परीक्षा के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गई। अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंटा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सुकमा रेफर किया गया, जहां जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
आरोपी युवक गिरफ़्तार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी भी एक आवासीय विद्यालय का छात्र बताया जा रहा है। वहीं, यह आशंका भी जताई जा रही है कि छात्रा ने गर्भपात से संबंधित दवा का सेवन किया था, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ी। हालांकि दवा कहां से और कैसे मिली, इसकी जांच जारी है।




