देश दुनिया

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज तनाव के बीच भारत के लिए राहत, दो LPG टैंकर जल्द पहुँचेंगे

LPG Crisis: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज से गुजरने वाले जहाजों पर रोक लगा रखी है। यह खाड़ी पूरी दुनिया के कच्चे तेल और गैस के 20% पारगमन का मार्ग है, इसलिए इसका बंद होना वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए चुनौती बन गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 24 घंटे से कोई भी जहाज इस मार्ग से नहीं गुजर पाया।

हालांकि, भारत के लिए राहत की खबर यह है कि जल्द ही भारतीय झंडे वाले दो LPG टैंकर इस खाड़ी को पार करने वाले हैं। शिपिंग डेटा और मीडिया सूत्रों के मुताबिक, दोनों टैंकर – ‘पाइन गैस’ और ‘जग बसंत’ – फिलहाल खाड़ी में लंगर डाले हुए हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान की जहाजों पर हमले की धमकी और रोक के कारण सैकड़ों जहाज खाड़ी में लंगर डाल चुके हैं। ऐसे में भारतीय टैंकर का गुजरना घरेलू LPG सप्लाई के लिए महत्वपूर्ण है।

शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि भारत में LPG की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पहले भी ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ टैंकर भारत पहुंच चुके थे, जिनमें कुल 92,700 मीट्रिक टन गैस लदी थी।

इस कदम से घरेलू LPG संकट को कम करने में मदद मिलेगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण आपूर्ति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। भारतीय अधिकारियों का कहना है कि घरेलू उपयोग के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर पूरा ध्यान है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button