सक्ति में मैट्रिमोनी ऐप ठगी, कानपुर युवक गिरफ्तार


सक्ति। जिले के सक्ति थाना क्षेत्र में मैट्रिमोनी ऐप के जरिए ठगी का चौकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी युवक ने ‘जीवन साथी’ ऐप का इस्तेमाल कर पहले महिला से संपर्क किया और फिर शादी का झांसा देकर उससे 8-9 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 9 मार्च को सक्ति थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गंगापुर कॉलोनी, कानपुर के अंकित तिवारी (33) ने ऐप के माध्यम से महिला से संपर्क किया और पत्नी बनने का झांसा दिया। भरोसे में आकर पीड़िता ने वीडियो कॉल की। आरोपी ने वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लिया और धीरे-धीरे नौकरी पर खतरे और तबियत खराब होने के बहाने 8-9 लाख रुपए ऐंठ लिए।
जब पीड़िता ने और पैसे न देने की बात कही, तो आरोपी ने रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी देकर अतिरिक्त राशि की मांग की। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सक्ति पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की और कानपुर टीम भेजकर आरोपी अंकित तिवारी को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस मामले में विधिवत कार्रवाई में जुटी हुई है।
सक्ति मैट्रिमोनी ठगी मामले ने ऑनलाइन डेटिंग और मैट्रिमोनी ऐप्स की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।








