अनाया बांगर की जेंडर अफर्मिंग सर्जरी: संजय बांगर की बेटी के रूप में नई पहचान


अनाया बांगर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की संतान, ने हाल ही में जेंडर अफर्मिंग सर्जरी कर अपनी पहचान महिला के रूप में बनाई। जन्म के समय उनका नाम आर्यन बांगर रखा गया था और वह एक लड़के के रूप में जन्मे थे। सर्जरी के बाद उन्हें अब अनाया बांगर के नाम से जाना जाता है।
जेंडर अफर्मिंग सर्जरी एक मेडिकल प्रक्रिया है, जिसके जरिए कोई व्यक्ति अपने जन्म के समय मिले लिंग से अलग महसूस होने पर पुरुष से महिला या महिला से पुरुष में बदल सकता है। यह उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है जो अपने मानसिक लिंग और शारीरिक लिंग में असंतुलन महसूस करते हैं, जिसे मेडिकल भाषा में ‘जेंडर डिस्फोरिया’ कहा जाता है।
ट्रांसजेंडर लोग अपनी पहचान के अनुरूप सर्जरी और हार्मोन थेरेपी जैसी प्रक्रियाओं का सहारा लेते हैं। जेंडर अफर्मिंग सर्जरी में कई तरह के ऑपरेशन शामिल होते हैं, और इसे पूरी तरह व्यक्ति की आवश्यकताओं और स्वास्थ्य के अनुसार किया जाता है।
ट्रांसजेंडर महिलाओं के लिए इसमें जेनिटल्स की सर्जरी, ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन और चेहरे की बनावट में बदलाव जैसी प्रक्रियाएं शामिल होती हैं। वहीं, ट्रांसजेंडर पुरुषों के लिए चेस्ट सर्जरी, हिस्टेरेक्टॉमी और अन्य संबंधित सर्जरी की जाती है।
यह एक लंबी प्रक्रिया होती है, जिसमें पहले मेडिकल जांच, मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और काउंसलिंग की जाती है। सर्जरी से पहले हार्मोन थेरेपी भी दी जाती है। इस प्रक्रिया में डॉक्टर्स, मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स और विशेषज्ञों की टीम शामिल होती है, ताकि मरीज सुरक्षित और संतुष्ट महसूस कर सके।








