नक्सलमुक्त भारत पर लोकसभा में बड़ी चर्चा: मुख्यमंत्री साय ने कहा- छत्तीसगढ़ का ही होगा जिक्र, 4 दशक से ज्यादा समय से नक्सलवाद विकास में बना था बड़ा रोड़ा


देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर आज लोकसभा में महत्वपूर्ण चर्चा होने जा रही है। यह बहस ऐसे समय में हो रही है, जब केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की है और इस डेडलाइन के खत्म होने में अब केवल एक दिन शेष है। इसको लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा छत्तीसगढ़ का ही ज्यादा जिक्र होगा। भारी मात्रा में नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में ही बचा हुआ था। चार दशक से ज्यादा से नक्सलवाद विकास में बड़ा रोड़ा बना हुआ था। उसको समाप्त करने में सफल हो रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए बहुत अच्छा है।
बता दें कि लोकसभा सचिवालय ने इस विषय को नियम 193 के तहत सूचीबद्ध किया है। इस नियम के अंतर्गत अल्पकालिक चर्चा होती है, जिसमें मतदान नहीं कराया जाता, लेकिन सरकार के लिए जवाब देना अनिवार्य होता है। माना जा रहा है कि इस चर्चा में छत्तीसगढ़ का विशेष रूप से जिक्र होगा, क्योंकि देश में लंबे समय तक नक्सलवाद का सबसे अधिक प्रभाव यहीं रहा है।







