मस्तूरी में केंद्रीकृत मूल्यांकन शुरू, बीईओ शिवराम टंडन ने किया निरीक्षण—चार केंद्रों पर तेज़ी से चल रहा कार्य
टंडन के नेतृत्व में पारदर्शी और समयबद्ध मूल्यांकन, जल्द परिणाम जारी करने की तैयारी


सीपत (हिमांशु गुप्ता):– प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर की केंद्रीकृत बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 के अंतर्गत कक्षा 5वीं एवं 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का केंद्रीकृत मूल्यांकन कार्य मस्तूरी विकासखंड में प्रारंभ हो गया है। इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए जोनवार व्यवस्था लागू की गई है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिवराम टंडन के निर्देशन में मूल्यांकन हेतु चार केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया, सेजेस पंधी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक मस्तूरी एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी शामिल हैं। इन केंद्रों पर 43 संकुलों के मूल्यांकनकर्ता शिक्षक जोनवार उपस्थित होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मूल्यांकन कार्य के अंतर्गत प्राथमिक स्तर पर भाषा, गणित, अंग्रेजी एवं पर्यावरण तथा पूर्व माध्यमिक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। साथ ही नॉमिनल प्रति के आधार पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन एंट्री का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है, ताकि परिणाम प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर के निर्देशानुसार संकुल प्रभारी प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मूल्यांकन कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु सभी को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मूल्यांकन कार्य के सुचारू संचालन एवं निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है, जिसमें खम्हरिया संकुल जोन एवं सेजेस पंधी जोन के नोडल सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी योगेश कुमार कौशिक, बालक मस्तूरी जोन के नोडल विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी शिवराम टंडन, तथा कन्या पचपेड़ी संकुल जोन के नोडल विकासखंड स्त्रोत समन्वयक मस्तूरी सूरज कुमार क्षत्री के दिशा-निर्देश में मूल्यांकन कार्य संचालित किया जा रहा है। बीईओ शिवराम टंडन ने बताया कि मूल्यांकन कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी शिक्षकों, प्रधान पाठकों एवं समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को समय पर उनका परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराया जा सके।मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के पश्चात बच्चों को परीक्षा परिणाम प्रदान करने की तैयारी भी साथ-साथ की जा रही है। शिक्षा विभाग मस्तूरी के शिक्षक, प्रधान पाठक एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को इस कार्य हेतु विशेष जिम्मेदारी दी गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।









