छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

‘टेंपरेचर का टॉर्चर’ : 40 पार डिग्री में @ ‘नौतपा’ आज से, सितम ढा रही गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी, आसमान से बरस रहे शोले, अब लू के थपेड़े करेंगे परेशान

केशव पाल @ तिल्दा-नेवरा | प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से लोग हलाकान हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होनें से आसमान से आग बरस रहा है। तेज चिलचिलाती धूप और गर्मी ने लोगों में बेचैनी बढ़ा दी है। इसी बीच आज से नौतपा शुरू हो रहा है। इसके बाद पंचक खूब तपायेगा। लू के थपेड़ों से लोग परेशान हो सकते हैं। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया है। लोग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। सितम ढा रही गर्मी से दिनभर सड़कों में वीरानी छाई रहती है। दोपहिया वाहन चालकों को गर्मी से बचने के लिए सड़क किनारे पेड़ की छांव तलाशते देखा गया। भीषण गर्मी ने अघोषित कर्फ्यू लगा दिया है। गर्मी की वजह से दिन के समय सड़कों पर भीड़भाड़ बहुत कम दिख रही है। शाम के समय भी ऐसा ही देखने को मिल रहा है। बढ़ती गर्मी में लोगों के कूलर पंखों ने भी काम करना जैसे बंद कर दिया है। आमजन का कहना है कि ऐसा ही रहा तो काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुबह होते ही सूरज आग उगलने लग जाता है। बढ़े हुए तापमान के कारण लोग सुबह से ही गर्मी से बेहाल हो उठते हैं। दिन के समय हालत ऐसी हो जाती है कि कूलर पंखे चलाकर घरों में आराम करने वाले लोग भी उमस से बेहाल हो जाते हैं। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से अभी कुछ दिन तक निजात मिलना मुश्किल है। लोग गर्मी और धूप से बचने के लिए अपने मुंह को ढक कर चल रहे हैं और बीच-बीच में पानी से मुंह धो रहे है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। लोग ठंडे पेय पदार्थों का प्रयोग भी गर्मी से बचने के लिए कर रहे हैं। वहीं जरूरी काम से ही लोग बाहर निकल रहे हैं। एक्सपर्ट्स आने वाले समय में तापमान के और बढ़ने की संभावना जता रहे हैं।सूरज की इस तपिश से लोग घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हैं। सूरज के तीखे तेवर और लू जैसी चलने वाली गर्म हवाओं के बीच पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी ने दिनचर्या को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी पड़ने से जहां लोग परेशान है वहीं उनके सेहत पर भी गर्मी का विपरीत असर होने लगा है और अस्पताल में भी इन दिनों मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अधिक गर्मी का असर सबसे अधिक बच्चों में देखने को मिल रहा है। सुबह से ही सूर्य देव उदय होने के साथ ही कहर बरपाना शुरू कर देता है। दिन बीतने के साथ ही सूर्य देव का प्रकोप और तेज होता जाता है। दोपहर को तो लोगों को गर्मी से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बीच-बीच में आंधी तूफान भी आ जाती है और मौसम का मिजाज भी बदल जाता है। बारिश हो जाती है। इसके बाद उमस से लोग परेशान हो जाते हैं।

आज सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर रहा

ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में सूर्य जब चंद्रमा के प्रिय नक्षत्र रोहिणी में प्रवेश करता है तो नौतपा प्रारंभ होता है। आज सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर रहा है। नौतपा के नौ दिन सूर्य धरती के सबसे करीब रहता है इसलिए भीषण गर्मी रहती है। नौतपा 15 दिनों का होता है। यह नक्षत्र 15 दिन रहता है लेकिन, शुरू के पहले जिन 9 नक्षत्रों पर रहता है वह दिन नौतपा कहलाता है। इन दिनों गर्मी काफी ज्यादा रहता है। मई माह के अंतिम सप्ताह में सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी कम हो जाती है। सूर्य इन दिनों रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं ऐसे में सूर्य की किरण सीधे धरती पर पड़ती है जिस कारण से प्रचंड गर्मी पड़ती है। नौतपा में जितनी भीषण गर्मी होती है उतनी ही अच्छी वर्षा होती है।

25 मई से 2 जून तक रहेगा नौतपा

इस बार नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। अधिकतर जिलों में पारा 40 डिग्री से पार जा पहुंचा है। पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास घूम रहा है। कहीं 41 तो कहीं 42 तो कहीं-कहीं 43 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी आने वाले दिनों में तापमान में इजाफा होगा और यह 44 से 45 डिग्री तक बना रह सकता है। हालांकि बीच-बीच में हो रहे बारिश और अंधड़ से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। फिर भी अधिकांश जिलों के तापमान 35-40 डिग्री या इससे उस पार ही है।

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
news36 से जुड़िए
जोहार...आपकी क्या सहायता कर सकते है, अपने आस पास की खबरें हमें भेज सकते है