छत्तीसगढ़ में महाशिवरात्रि पर मंदिर दर्शन कर लौट रहे 5 श्रद्धालुओं की मौत, मरने वाले में एक महिला और 3 बच्चे, 6 घायल

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में बोलेरो और कंटेनर के बीच टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कंटेनर में आग लगी दी। बोलेरो सवार महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नेशनल हाईवे-43 पर विशुनपुर गांव के प्लांट के पास आज (बुधवार) दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ है। टक्कर के बाद बोलेरो पलट गई, जिससे कार बुरी तरह डैमेज हो गई। मरने वालों में रेवापुर-सखौली निवासी 1 महिला, 2 बच्चे और 2 पुरुष शामिल हैं।
शिव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे
बोलेरो क्रमांक CG 15 ED 7078 में सवार होकर 11 लोग महाशिवरात्रि पर सीतापुर के किलकिला शिव मंदिर गए थे। सुबह दर्शन कर अपने घर रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। इसी दौरान ब्लैक स्पॉट वाली जगह पर हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख
CM विष्णुदेव साय ने सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत पर दुख जताया है। साथ ही 6 घायलों को तत्काल इलाज के निर्देश दिए हैं। साय ने लिखा कि ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति और परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करता हूं।
छत्तीसगढ़ में तीन तलाक देकर पति ने 20 साल की शादी के तोड़ा रिश्ता