छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में BJYM मंडल-अध्यक्ष समेत 2 की मौत

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में देर रात कार बेकाबू होकर नाले में गिर गई। गेट लॉक होने से 5 लोग अंदर ही फंस गए। सुबह लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, तब तक भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई।
दर्दनाक हादसे में 3 लोग घायल हैं। सभी लोग बिलाईगढ़ से भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। मरने वालों की पहचान बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी लोकेश साहू और पंकज दास मानिकपुरी भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई है। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है।
कार का गेट लॉक होने से अंदर फंसे रहे लोग
जानकारी के मुताबिक, एक कार में बिलाईगढ़ से 5 लोग सवार होकर गरियाबंद के भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार-सोमवार की रात 2 बजे कार चला रहे पंकज दास को झपकी आ गई। जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई।
गेट लॉक होने से अंदर फंसे रहे लोग
बताया जा रहा है कि, कार के नाले में गिरने से सभी गेट लॉक हो गए। जिससे पांचों लोग अंदर ही फंस गए। वो रात भर चीखते-चिल्लाते रहे। जब सुबह करीब 5 से 6 बजे लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे, तो उनकी नजर कार पर पड़ी। जिसके बाद गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया।
2 की मौत, 3 घायल
हादसे में लोकेश साहू और पंकज दास मानिकपुरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव घायल हैं। मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।