छत्तीसगढ़ के इस जिले में लगा भाजपा को तगड़ा झटका, 400 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 400 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा पार्टी कार्यालय में सौंप दिया। इस्तीफा देने आए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए
पूरा मामला धमतरी जिले के ग्राम आछोटा से जुड़ा है। यहां के भाजपा कार्यकर्ता लंबे समय से गांव के पूर्व उप सरपंच और सरपंच पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे थे। आरोप है कि इस संदर्भ में प्रशासन और भाजपा मंडल दोनों के सामने कई बार शिकायतें की गईं लेकिन केवल आश्वासन ही मिल सके। कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ता काफी निराश और आक्रोशित हो गए।

निराश कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर धमतरी भाजपा कार्यालय का रुख किया लेकिन वहां की स्थिति और भी चौकाने वाली रही। घंटों पदाधिकारियों का इंतजार करने के बाद भी कोई भी नेता सामने नहीं आया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताते हुए जिलाध्यक्ष के नाम अपना सामूहिक इस्तीफा कार्यालय की दीवार पर चिपका कर वापस लौट गए।