छत्तीसगढ़

धान खरीदी 2025: किसानों को कितने दिन में मिलेगा भुगतान? जानिए समर्थन मूल्य, पंजीयन और खरीदी से जुड़ी 5 बड़ी बातें

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी की तारीखों की घोषणा कर दी है। इस साल राज्य में धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। कैबिनेट की बैठक में शुक्रवार को इस संबंध में कई अहम फैसले लिए गए। इस बार भी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। आइए जानते हैं धान खरीदी से जुड़ी पांच बड़ी बातें—

 1. कितना होगा धान का समर्थन मूल्य?

छत्तीसगढ़ सरकार ने इस बार भी पिछले साल की तरह धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल तय किया है। डेप्युटी सीएम अरुण साव ने बताया कि किसानों से खरीदे गए धान का भुगतान बेचने के 7 सप्ताह के भीतर उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा। भुगतान एकमुश्त या दो चरणों में किया जा सकता है — इस पर सरकार जल्द फैसला लेगी।

 2. ई-केवाईसी अब अनिवार्य

धान खरीदी में पारदर्शिता लाने के लिए इस बार ई-केवाईसी (e-KYC) जरूरी कर दिया गया है। किसानों को 31 अक्टूबर 2025 तक पंजीकरण कराना होगा। यह प्रक्रिया केंद्रीय कृषि मंत्रालय के एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से होगी, ताकि दोहराव या फर्जी पंजीयन से बचा जा सके।

 3. किसान खुद तय करेंगे धान बेचने की तारीख

सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप की शुरुआत की है। इस ऐप के जरिए किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने की तारीख खुद चुन सकेंगे। इसके साथ ही धान खरीदी प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए बायोमैट्रिक सत्यापन प्रणाली लागू की जाएगी।

 4. 2739 केंद्रों पर होगी खरीदी

इस साल राज्य में 2739 धान खरीदी केंद्र बनाए जाएंगे। समितियों को उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, जरूरत के अनुसार नए और पुराने जूट बारदाने की आपूर्ति की जाएगी ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

5. अवैध परिवहन रोकने के लिए सख्त निगरानी

कैबिनेट ने यह भी तय किया है कि पड़ोसी राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए विशेष निगरानी दल (Monitoring Team) बनाई जाएगी। साथ ही, मार्कफेड कार्यालय में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और हर जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे ताकि धान पुनर्चक्रण और अवैध परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा सके।

ख़बर को शेयर करें

National Desk

National Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button