नवीन संभागायुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण: अरपा तट पर लगभग ढाई एकड़ में बना, सीएम साय ने किया उद्घाटन

बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 12 करोड़ की लागत से बने नए संभागायुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में नवीन संभागायुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त भवन का निर्माण अरपा नदी के तट पर लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में किया गया है।
उल्लेखनीय है कि, संभागायुक्त कार्यालय भवन में बेसमेंट सहित भूतल और प्रथम तल का निर्माण किया गया है। प्रत्येक तल का निर्माण क्षेत्र 1620 वर्गमीटर है। भूतल में 10 कक्ष और एक विशाल हॉल निर्मित किए गए हैं। इसी प्रकार प्रथम तल में 12 कक्ष, एक हॉल और अलग से प्रसाधन की व्यवस्था की गई है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है नया भवन
भवन में संभागायुक्त और अपर आयुक्त के कक्ष, न्यायालय कक्ष, बैठक कक्ष तथा उपायुक्त (राजस्व), विकास, लेखा अधिकारी के कार्यालय कक्षों के साथ पृथक स्टाफ रूम भी शामिल हैं। नए भवन में अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा गया है।

इस अवसर पर ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जगदलपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
वहीं जगदलपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने शुक्रवार को शहर के विकास को गति देते हुए 92.22 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण व भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि, शहर में युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराने हेतु इंदिरा स्टेडियम और बस्तर क्लब में बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण प्रारंभ किया जा रहा है।
जलभराव की समस्या से शहरवासियों को मिलेगी निजात
डीएमएफटी मद से 19.95 लाख और 17.27 लाख की लागत से इन कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कोर्ट तिराहा चौक में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन मद से 30 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं 25 लाख की लागत से तैयार वीर सावरकर भवन का रिनोवेशन भी लोकार्पित किया गया, जो अब सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों का आधुनिक केंद्र बनेगा।
जलभराव की समस्या के लिए पुलिया निर्माण महत्वपूर्ण
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा में लगातार चौमुखी विकास के कार्य प्रगति पर हैं। शहर में बॉक्स क्रिकेट का निर्माण युवाओं को प्रतिभा निखारने का अनूठा मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि, जनमानस को मूलभूत सुविधाएँ देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पुलिया निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे। महापौर संजय पांडे ने कहा कि, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से शहर के हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। आज जिन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है, वे शहरवासियों की लम्बे समय से लंबित मांगों को पूरा करेंगे।






