छत्तीसगढ़ के साथ साथ आंध्र में नक्सलियों की शामत, 31 नक्सली गिरफ्तार

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा, कृष्णा, एलुरु और NTR जिलों में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में से 9 केंद्रीय समिति के सदस्य देवूजी के सुरक्षा गार्ड हैं जबकि अन्य नक्सली दक्षिण क्षेत्रीय समिति से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता
बता दें कि लंबे समय से सक्रिय और कई खतरनाक वारदातों में शामिल माओवादी नेता माड़वी हिडमा को सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आंध्र प्रदेश के ग्रेहाउंड जवानों द्वारा किए गए सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान यह कार्रवाई हुई। मारे गए 6 नक्सलियों में से 4 की पहचान की जा चुकी है जिसमे हिड़मा CCM, राजे – हिड़मा की पत्नी, DVCM, चेल्लूरी नारायणा SZCM , टेक शंकर के रूप में पहचान हो गई है। सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सली बड़े कैडर के सदस्य थे। मुठभेड़ अल्लुरी सीताराम जिले के इलाके में हुई और अब स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा बल इलाके में सर्चिंग और निगरानी जारी रखे हुए हैं।
मारा गया मोस्ट वांटेड नक्सली हिड़मा
देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में मंगलवार सुबह हुए एनकाउंटर में मारा गया है। उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों को भी ढेर कर दिया गया है।
एजेंसी रिपोर्ट के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को हिड़मा को खत्म करने के लिए 30 नवंबर तक की डेडलाइन दी थी। इसके बाद आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित मरेडमिल्ली के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसी ऑपरेशन में हिड़मा डेडलाइन से 12 दिन पहले ही मार गिराया गया है।
हिड़मा पिछले 2 दशक में हुए 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। इसमें 2010 दंतेवाड़ा हमला भी शामिल है, जिसमें 76 CRPF जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा 2013 में झीरम घाटी हमले, 2021 सुकमा-बीजापुर हमले में भी हिड़मा की भूमिका रही है।
इधर छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में भी एक दूसरी मुठभेड़ हुई है, इसमें नक्सलियों के घायल होने की खबर है। दोनों जगहों पर सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन टीम से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी है।





