छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरायपुर संभाग

Chhattisgarh : अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

बिलासपुर के रतनपुर इलाके में रेत माफियाओं के दुस्साहस की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहाँ अवैध उत्खनन रोकने गए एक प्रशासनिक अधिकारी को जान से मारने की कोशिश की गई। इस दुस्साहस ने प्रशासन और माफियाओं के बीच चल रहे ‘जंग’ को एक खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है।

घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी की है। रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू अपनी टीम के साथ अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। जब तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची, तो रेत से लदे ट्रैक्टरों में अफरा-तफरी मच गई। खैरखंडी निवासी चालक रितुराज सिंह ने पकड़े जाने के डर से आधी रेत नदी में ही खाली कर दी और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा।

बाल-बाल बचे नायब तहसीलदार
Chhattisgarh : जब राहुल साहू ने उसे रोकने का इशारा किया, तो आरोपी ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। तहसीलदार ने फुर्ती दिखाते हुए रास्ते से छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी बस्ती की ओर फरार हो गया। अधिकारी पर हमले की इस गंभीर घटना के बाद पुलिस ने तत्परता तो दिखाई और आरोपी रितुराज को गिरफ्तार किया, लेकिन उस पर बीएनएस (BNS) की धारा 170 के तहत केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

आरोपी को बेलतरा तहसीलदार कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ उसे तुरंत जमानत मिल गई। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस ट्रैक्टर से जान लेने की कोशिश की गई और जो रेत अवैध रूप से निकाली जा रही थी, उसे जब्त नहीं किया गया।

इस घटना के बाद से बिलासपुर के राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वहीं, स्थानीय लोग इस बात से डरे हुए हैं कि अगर माफिया एक राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) पर हमला कर सकते हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button