छत्तीसगढ़ कांग्रेस में ‘लेटर बम’: 11 साल का दर्द छलका, पीसीसी सचिव निवेदिता चटर्जी का इस्तीफा

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी कलह और गुटबाजी की खबरें तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की वरिष्ठ सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा देकर पार्टी के भीतर मचे घमासान को सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को भेजते हुए संगठन पर उपेक्षा के गंभीर आरोप लगाए हैं।
“मैं वहीं की वहीं रह गई…” : इस्तीफे में छलका दर्द
निवेदिता चटर्जी ने अपने पत्र में संगठन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं।निवेदिता ने लिखा कि वे पिछले 11 वर्षों से लगातार पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें कभी कोई ठोस जिम्मेदारी या आगे बढ़ने का अवसर नहीं दिया गया। पत्र में उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे 2014 से आज तक केवल सचिव पद पर ही सीमित रहीं, जबकि उनके साथ काम करने वाले या उनसे कनिष्ठ नेता आज ऊंचे पदों पर काबिज हैं।
दीपक बैज का जिक्र
उन्होंने सीधे तौर पर प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित करते हुए लिखा— “मेरे देखते-देखते आप ब्लॉक अध्यक्ष से विधायक, फिर सांसद और अब प्रदेश अध्यक्ष बन गए, लेकिन मेरी स्थिति 2014 से अब तक जस की तस बनी हुई है।”

कांग्रेस के लिए बढ़ सकती है मुश्किल
यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस प्रदेश में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही है। एक महिला पदाधिकारी द्वारा ‘उपेक्षा’ का आरोप लगाकर पद छोड़ना महिला विंग और जमीनी कार्यकर्ताओं के मनोबल पर असर डाल सकता है।






