Chhattisgarh Crime : वीडियो बनाने से मना करने पर यूट्यूबर बेटी ने पिता को काट डाला

Chhattisgarh Crime : कोरबा के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम रलिया में रिश्तों की मर्यादा उस वक्त तार-तार हो गई, जब 25 वर्षीय गीता केंवट ने सोते हुए अपने पिता अशोक केंवट (55) पर हसिए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
विवाद की जड़ : बरसों की कड़वाहट
मृतक अशोक केंवट अपने परिवार से अलग गांव में अकेला रहता था। उसकी पत्नी और तीन बेटियां कोरबा के पुरानी बस्ती में रहती थीं। बताया जा रहा है कि अशोक का अपनी पत्नी और बेटियों के साथ अक्सर विवाद होता था, जिसके कारण परिवार ने उससे दूरी बना ली थी।
जाति प्रमाण पत्र और वो आखिरी मुलाकात
सोमवार को गीता अपने जाति प्रमाण पत्र के काम से गांव रलिया आई थी और अपने बड़े पिता के घर ठहरी थी। इसी दौरान उसका सामना अपने पिता से हुआ। पिता ने न केवल उससे अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उसके आचरण और जीवन-यापन को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए।

सोशल मीडिया और ‘रील्स’ का तनाव
एक यूट्यूबर होने के नाते गीता सोशल मीडिया पर सक्रिय थी। हाल ही में उसकी एक लाइव रील चर्चा में थी, जिसमें एक बुलेट सवार युवक नजर आ रहा था। गीता ने वीडियो में दावा किया था कि वह युवक उससे नंबर मांग रहा था। पिता अक्सर इन गतिविधियों और गीता के रहन-सहन को लेकर उसे अपशब्द कहता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान और आक्रोशित थी।
आधी रात को ‘डेथ वारंट’ लेकर पहुंची बेटी
रात करीब 2:30 बजे, जब पूरा गांव गहरी नींद में था, गीता के भीतर का गुस्सा जुनून में बदल गया। वह अपने बड़े पिता के घर से निकली और पिता अशोक के घर जा पहुंची।अशोक गहरी नींद में सो रहा था, तभी गीता ने हसिए से उसके जबड़े और शरीर पर कई वार किए। पिता की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पुलिसिया कार्रवाई
सुबह जब घटना का पता चला, तो इलाके में सनसनी फैल गई। हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गीता को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
एडिशनल एसपी लखन पटले के अनुसार, पिता द्वारा बेटी के चरित्र पर बार-बार की जाने वाली छींटाकशी और गाली-गलौज ही इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी।





