CGPSC : गर ऐसे पहुंचेंगे परीक्षा दिलाने तो नहीं मिलेगी एंट्री, 22 फरवरी को परीक्षा

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सख्त गाइडलाइन और ड्रेस कोड लागू कर दिया है।
परीक्षा की तिथि और समय
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित होगी।
परीक्षा दो पालियों में होगी
पहली पाली में जनरल स्टडीज सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक, दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। प्रवेश पत्र परीक्षा से 10 दिन पहले आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर जारी किए जाएंगे।
केंद्र और समय पालन
परीक्षा के लिए राज्य के सभी 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी, केवल चिकित्सकीय आपात स्थिति में विशेष निगरानी में बाहर जाने की छूट मिलेगी।
अनुमति प्राप्त सामग्री
परीक्षार्थी केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट और मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार या ई-आधार) साथ ला सकेंगे। काले या नीले बॉल पेन की अनुमति होगी।यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट न हो, तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना जरूरी होगा।
प्रतिबंधित वस्तुएं और सुरक्षा
किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल या स्मार्टवॉच) पहनने की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर, स्मार्टवॉच और अन्य संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे ताकि नकल या किसी भी अनुचित गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
निर्देशित सामग्री के अलावा लाई गई किसी भी वस्तु की सुरक्षा की जिम्मेदारी परीक्षार्थी की स्वयं की होगी और आवश्यकतानुसार तलाशी भी ली जा सकेगी।
ड्रेस कोड के नियम
उम्मीदवारों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। कार्गो या डिजाइनर कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी, जबकि सामान्य जींस या पैंट पहनी जा सकती है, जूते, मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर वर्जित हैं, केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनने पर ही प्रवेश मिलेगा।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान
महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती (आधी बांह) या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं।
कानों में किसी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं होगी।
विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र की छूट दी गई है।
दिव्यांग अभ्यर्थी और सहलेखक
दिव्यांग अभ्यर्थी यदि सहलेखक की सुविधा के लिए अधिकृत हैं, तो सहलेखक को भी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
चिकित्सकीय कारणों से जूते या किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता होने पर विस्तृत जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी।
आयोग की अपील
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित गाइडलाइन और ड्रेस कोड का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे आयोग का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाना है।





